विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण कर कर्मचारियों काे दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मातृ एवं शिशु अस्पताल के भवन में चल रहे फिटिंग के कार्य को डेढ़ माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के विद्युत विंग की तरफ से उक्त कार्य को किया जा रहा है। संबंधित विभाग के उच्च अधिकारी ने अस्पताल भवन का दौरा कर अधिकारियों को जल्द काम पूरा करने के निर्देश जारी किए। इस कार्य के पूरा होने के बाद ही शिशु रोग ओपीडी व अन्य वार्ड नए भवन में स्थापित किए जाएंगे। मातृ एवं शिशु अस्पताल के बीते एक वर्ष से लटक रहे कार्य को अधिकारियों ने जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि भवन में सेंट्रल ऐसी व बिजली संबंधित फिटिंग का कार्य व अग्रिशमन संबंधित उपकरण स्थापित करने का काम गत एक वर्ष से लटक रहा है। इस मामले पर विभाग के अधीक्षण अभियंता ने मातृ शिशु अस्पताल के भवन का दौरा कर कर्मचारियों को डेढ़ माह में काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बैठक कर काम को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। वहीं, बिजली फिटिंग का कार्य पूरा होने के बाद भवन की छतों में सीलिंग का काम शुरू होना है। इसके साथ ही ऑपरेशन थियेटर, लेबर रूम के अंदर के अधूरे काम को पूरा किया जाएगा।
कोट्स
डेढ़ माह के भीतर मातृ एवं शिशु अस्पताल में बिजली संबंधित फिटिंग का कार्य पूरा होगा। लोक निर्माण विभाग के विद्युत विंग के अधिकारी ने दौरा कर इसे लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही अन्य लंबित कार्यों को भी पूरा कर दिया जाएगा।
डा संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल, ऊना