ऊना। बरसात के मौसम में लोगों को डायरिया और बुखार हो रहा है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में सोमवार को 765 रिकॉर्ड ओपीडी दर्ज की गई जिसमें पुरुषों के मुकाबले महिलाओं के उपचार के लिए पहुंचने के आंकड़ा अधिक रहा। आठ मरीज डायरिया और 24 बुखार से संक्रमित पाए गए तो वहीं दूसरी ओर बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में भी 117 करीब बच्चे विभिन्न बीमारियों की चपेट में आने के चलते चेकअप करने के लिए पहुंचे। वहीं 364 महिलाएं और 259 पुरुष सोमवार को उपचार करवाने के लिए विभिन्न ओपीडी में पहुंचे। सुबह से ही पर्ची काउंटर से लेकर लैब और ओपीडी के बाहर मरीजों की खासी भीड़ नजर आई। कई मरीज घंटों ओपीडी के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे तो अधिकतर लैब के बाहर टेस्ट करवाने के लिए कतार में नजर आए।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया के अनुसार सोमवार को डायरिया, बुखार और विभिन्न प्रकार की मौसमी बीमारियों से ग्रस्त मरीज पहुंचे हैं। 765 रिकॉर्ड ओपीडी सोमवार को दर्ज की गई है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि बरसात के मौसम में जंक फूड से परहेज करें और किसी भी प्रकार की बीमारी की चपेट में आने की सूरत में घर पर समय बर्बाद न करें। अस्पताल में चिकित्सक से परामर्श करने के बाद ही दवा का सेवन करें। बरसात के मौसम में उबले हुए पानी का इस्तेमाल करें और चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही खानपान का विशेष ध्यान रखें।