दुलहैड़ (ऊना)। हरोली ब्लॉक के बीआरसी भवन में निष्ठा ट्रेनिंग के तहत चल रही पहले बैच की पांच दिवसीय कार्यशाला का शनिवार को समापन हो गया। पहले बैच की कार्यशाला के अंतिम दिन निष्ठा ट्रेनिंग के कॉर्डिनेटर हरीश साहनी ने अध्यापकों को निष्ठा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पहले बैच की कार्यशाला में हरोली ब्लॉक के करीब 150 अध्यापकों ने हिस्सा लेकर कार्यशाला में शिक्षा की गुणवत्ता को ऊपर उठाने को लेकर कई प्रकार की बारीकियां सीखीं। कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन संदीप जोशी, राजेश कुमार, अमन कुमार, वरिंद्र कुमार, योगेश कुमार और योगराज ने अध्यापकों को निष्ठा के बारे में पांच दिनों में जानकारी दी।
बीआरसी नंद किशोर और बीआरसी विजय कुमार ने बताया कि कार्यशाला को तीन भागों में बांट कर विभिन्न श्रेणियों के तहत 150 अध्यापकों का प्रशिक्षण 10 से 14 दिसंबर तक दिया गया। द्वितीय चरण की ट्रेनिंग 15 से 19 दिसंबर और तृतीय चरण की निष्ठा के तहत ट्रेनिंग 20 से 24 दिसंबर तक होगी। उन्होंने बताया कि निष्ठा के तहत चल रही कार्यशाला में मानव संसाधन विकास मंत्रालय और एनसीईआरटी के सहयोग से पूरे देश में 42 लाख प्रारंभिक अध्यापकों को एक ही जैसे मॉड्यूल के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत जिला ऊना के हरोली ब्लॉक में लगभग 450 प्रारंभिक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला में प्रशिक्षण के तहत पाठ्यक्रम, विद्यालय आधारित आकलन, विद्यालय में स्वास्थ्य और कल्याण, शिक्षण अधिगम और आकलन में आईसीटी (सूचना एवं प्रौद्यगिकी) का समाकलन, लर्निंग आउटकम, भाषा शिक्षण शास्त्र, गणित, पर्यावरण, विद्यालयीय शिक्षा में नई पहलें आदि विषयों पर चरचा की गई। इस मौके पर अध्यापकों में जगदीश राम, गौतम राम सैनी, भूपिंद्र सिंह, दिलदार सिंह, प्रवेश कुमार, पूर्ण कंग, अनिल कुमार, अश्वनी कुमार, सुरेश सैनी, अश्वनी सैनी, सतिंद्र कौशल, मोती लाल, गुरदीप कुमार, अरविंद भारद्वाज, मीनाक्षी राणा, चंपा देवी, सुनीता सैनी सहित अन्य अध्यापक भी उपस्थित रहे।