ऊना के चढ़गड़ स्कूल में नरिक्षण करते हुए विभाग के अधिकारी
- फोटो : Una
ऊना। अब सरकारी स्कूलों का निरीक्षण शिक्षा विभाग की टीम नहीं बल्कि एप करेगा। इस एप को शिक्षा विभाग ने शिक्षा साथी नाम दिया है। यह एप स्कूल में निरीक्षण टीम के पहुंचने पर ही काम करना शुरू करेगा और जैसे ही निरीक्षण टीम स्कूल के बाहर कदम रखती है यह शिक्षा साथी एप काम करना बंद कर देगा।
इस एप की मदद से शिक्षा विभाग ने स्कूलों में विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वच्छता सहित अन्य काम-काज संबंधी कार्यों की जांच के लिए निरीक्षण करना भी शुरू कर दिया है। अब स्कूल निरीक्षण टीम अपने तरीके से नहीं, बल्कि शिक्षा साथी एप के निर्देशों के अनुसार ही स्कूल में शिक्षा व्यवस्था की जांच करेगी।
हैरानी वाली बात यह है कि अगर निरीक्षण टीम स्कूल की 12वीं में विद्यार्थियों की सामान्य ज्ञान की जांच कर रही है तो एप में खुद अपडेट हो जाएगा कि निरीक्षण टीम किस कक्षा में है। यह एप क्लस्टर हेड स्कूलों के निरीक्षण इंस्पेक्टर के फोन में अपलोड किया गया है। जब निरीक्षण इंस्पेक्टर टीम के साथ किसी स्कूल का औचक निरीक्षण के लिए पहुंचेंगे, तभी यह शिक्षा साथी एप काम करना शुरू करेगा। गौर करने वाली बात यह है कि एप में डाली सभी ऑपशन के जवाब देने के लिए निरीक्षण टीम को स्कूल में ही रहना होगा। अगर निरीक्षण टीम स्कूल से बाहर आती है तो यह एप अपने आप ही बंद हो जाएगा। उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक पीसी राणा ने बताया कि शिक्षा साथी एप के तहत जिले में औचक निरीक्षण शुरू कर दिया है। बुधवार को सीसे स्कूल चढ़तगढ़ में एप के साथ निरीक्षण किया गया।
चढ़तगढ़ स्कूल में शिक्षा व्यवस्था सही : कमलदीप सिंह
क्लस्टर स्कूल निरीक्षण इंस्पेक्टर कमलदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने बुधवार को सीसे चढ़तगढ़ स्कूल में शिक्षा साथी एप के तहत निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, स्कूल परिसर पर स्वच्छता की स्थिति और शौचालय की व्यवस्था सहित अन्य विभिन्न प्रकार की जानकारियां एप में डाली गई। इसके बाद निरीक्षण पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि स्कूल में विद्यार्थियों की शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छता सहित अन्य कार्य सही पाए गए।