ऊना। एसएमएस ठगी मामले के मुख्य आरोपी प्रवीण उर्फ मोहित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस आरोपियों की शिनाख्त पर कुछ और लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
बुधवार को पुलिस ने एसएमएस ठगी मामले को लेकर सोनीपत के करीब आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए थाने में तलब किया। आरोपी ने करोड़ों रुपये की लूट कर पैसा कहां लगाया, उसका क्या नेटवर्क है। इन सब बातों का अब खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है। गौरतलब है कि करीब 2 साल पहले ऊना में इंडिया एडवर्टाइजमेंट सर्विस की कंपनी ने लोगों को एंड्रॉइड एप के जरिए एसएमएस भेजकर पैसे कमाने का लालच दिया। ऊना ही नहीं बल्कि हिमाचल, पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों के हजारों लोगों ने कंपनी के झांसे में आकर करोड़ों रुपये की कमाई कंपनी पर लुटा दी। लोगों को ठगी का पता तब चला जब 4 सितंबर, 2018 को कंपनी ऊना का ऑफिस बंद करके फरार हो गई। इसके बाद ऊना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया था। एसएमएस मामले के करीब एक साल बाद ठगी के मुख्य आरोपी को पुलिस ने हरियाणा के गोहान से गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ के दौरान खुलासा हो सकता है कि आरोपी ने करोड़ों रुपये की लूट कर पैसा कहां लगाया, उसका क्या नेटवर्क है।
इस बारे में एएसपी विनोद धीमान का कहना है कि एसएमएस ठगी मामले में पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार को करीब आधा दर्जन लोगों से पूछताछ की गई।