सब रजिस्ट्रार नंगल बोले, छह मोबाइल और दो कंप्यूटर भी किए जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)।
नंगल। माइनिंग माफिया पर शिकंजा कसते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नसीब चंद, पंकज और बलजिंद्र सिंह उर्फ अमन की करोड़ों की संपत्तियों को अटैच करने के आदेश जारी किए हैं। ईडी ने उपमंडल रजिस्ट्रार को यह आदेश भेजे हैं। सूत्रों के अनुसार इन तीनों के छह मोबाइल फोन और दो कंप्यूटर पहले ही ईडी की ओर से जब्त किए जा चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक अटैच की गई जमीन खेड़ा कल्मोट, भलाण, हर्षा बेला, नानग्रां, भलड़ी, नूरपुर बेदी और प्लाटा सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित है। एसडीएम नंगल सचिन पाठक ने बताया कि डिप्टी डायरेक्टर इंफोर्समेंट जालंधर की ओर से 17 अक्तूबर को उपमंडल रजिस्ट्रार नंगल, गढ़शंकर और नूरपुर बेदी को पत्र भेजा गया था, जिसकी एक प्रति उन्हें भी प्राप्त हुई थी। पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि मनी लॉन्ड्रिंग अधिनियम की धारा 5(1) के तहत नसीब चंद, पंकज और बलजिंद्र सिंह उर्फ अमन की लगभग 4 करोड़ 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियां जिनमें कृषि योग्य भूमि, माइनिंग क्षेत्र और कुछ निर्मित संपत्तियां शामिल हैं, को अटैच किया जाए ताकि इन्हें बेचा न जा सके।
एसडीएम पाठक ने बताया कि आदेशानुसार संबंधित संपत्तियों को अटैच कर दिया गया है, जिसकी जानकारी ईडी को भेज दी गई है। यह कार्रवाई राजस्व अभिलेख (जमाबंदी) में भी दर्ज कर ली गई है।