स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत नगर निगम ऊना की विशेष पहल
ई-वेस्ट के सुरक्षित और वैज्ञानिक निपटान को सुनिश्चित करना है लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत नगर निगम ऊना ने नागरिकों की सुविधा के लिए एक सराहनीय पहल की है। निगम ने प्रत्येक माह की 10, 20 और 30 तारीख को घर-घर जाकर इलेक्ट्रॉनिक कचरा (ई-वेस्ट) एकत्र करने की व्यवस्था शुरू की है। इस अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, प्रदूषणमुक्त और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है, साथ ही ई-वेस्ट के सुरक्षित व वैज्ञानिक निपटान को सुनिश्चित करना भी है। नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि इस पहल के माध्यम से निगम क्षेत्र में बिखरे या अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उचित निस्तारण किया जाएगा, ताकि यह कचरा पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक न साबित हो। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के सभी नागरिकों, व्यापारियों और संस्थानों से अपील की कि वे अपने घरों व प्रतिष्ठानों में पड़े अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निर्धारित तिथियों पर ही नगर निगम के अधिकृत सफाई कर्मियों को सौंपें। इससे संग्रहण प्रक्रिया सुरक्षित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनी रहेगी।
ई-वेस्ट में शामिल होंगे ये उपकरण
ई-वेस्ट संग्रहण के तहत पुराने या खराब इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रिकल उपकरण शामिल रहेंगे। मोबाइल फोन, चार्जर, हेडफोन, एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट, सीएफएल, बल्ब, कंप्यूटर, लैपटॉप, कीबोर्ड, माउस, प्रिंटर, टीवी, रेडियो, डीवीडी प्लेयर, सेट टॉप बॉक्स, मिक्सर, इस्त्री सहित अन्य कोई भी अनुपयोगी या खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एकत्रित किए जाएंगे।
संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने कहा कि इस पहल से नागरिकों को अपने घरों से ही ई-वेस्ट निपटान की सुविधा मिलेगी, जिससे अनियंत्रित कचरा फेंकने की प्रवृत्ति में कमी आएगी और शहर का पर्यावरण स्वच्छ व सुरक्षित रहेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छ ऊना, स्वस्थ ऊना जन अभियान में नगर निगम का सहयोग करें और अपने शहर को स्वच्छता का आदर्श बनाएं।