अस्पताल प्रबंधन ने उच्च अधिकारियों को भेजी मांग
अब सुचारू रूप से चल रहा है मातृ शिशु अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में निजी सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाने के बाद अब मातृ-शिशु अस्पताल में भी अलग से दस सुरक्षा कर्मी नियुक्त किए जाएंगे। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन ने प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही इन कर्मियों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सरकार की ओर से अस्पतालों की सुरक्षा का जिम्मा आउटसोर्सिंग के माध्यम से निजी सुरक्षा एजेंसियों को सौंपा गया है। इसी के तहत 1 अक्तूबर से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में 17 निजी सुरक्षा कर्मियों ने कार्यभार संभाल लिया है। फिलहाल यही कर्मी मातृ शिशु अस्पताल में भी सुरक्षा व्यवस्था देख रहे हैं। इससे पहले क्षेत्रीय अस्पताल में 27 होमगार्ड जवान तैनात थे, लेकिन अब केवल 17 निजी सुरक्षा कर्मी व्यवस्था संभाल रहे हैं।
ऐसे में अस्पताल प्रबंधन ने मातृ शिशु अस्पताल के लिए दस अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की मांग उठाई है ताकि सुरक्षा और भी सुचारू रहे। क्षेत्रीय अस्पताल में रोजाना औसतन 500 से 600 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा आपातकालीन सेवाओं के तहत जिलेभर से मरीजों को रेफर किया जाता है। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या 27 हो जाएगी, जिससे व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। क्षेत्रीय अस्पताल परिसर में गायनी और ओपीडी में सबसे अधिक भीड़ रहती है। मातृ-शिशु अस्पताल में अलग से सुरक्षा कर्मी तैनात होने पर भीड़ प्रबंधन में आसानी होगी और मरीजों को भी राहत मिलेगी।
कोट्स
क्षेत्रीय अस्पताल के बाद अब मातृ-शिशु अस्पताल में भी दस सुरक्षा कर्मी तैनात करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। -डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना