मैहतपुर (ऊना)। विद्युत उपमंडल मैहतपुर में बिजली बिलों के भुगतान को लेकर बरती जा रही उदासीनता के चलते विद्युत उपभोक्ताओं पर करीब 36 लाख रुपये की राशि देनदारी के रूप में बकाया खड़ी हुई है। बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं को विद्युत विभाग ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उन्होंने 22 जुलाई तक अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया तो उनके विद्युत कनेक्शन काट दिए जाएंगे। वहीं, दोबारा से कनेक्शन जोड़ने पर उन उपभोक्ताओं को 250 रुपये अतिरिक्त जमा करवाने होंगे। विद्युत उपमंडल मैहतपुर के अंतर्गत आते गांवों मैहतपुर, बसदेहडा, रायपुर सहोड़ा, चड़तगढ़, लमलेहडा, उदयपुर, भटोली, जखेड़ा, बनगढ़, पुखरू, देहलां, बहड़ाला, बडेहर, भडौलियां, जलग्रां, चताड़ा तथा बारसडा के करीब 19 हजार से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं हैं, जिनमें से 1437 उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिलों का भुगतान ही नहीं करवाया है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक स्टाफ की कमी के चलते इन उपभोक्ताओं को किसी प्रकार का कोई नोटिस जारी नहीं किया जाएगा। एक बार बिजली का मीटर कट जाने पर स्टाफ की कमी के कारण उसे दोबारा जोड़ने में समय भी लग सकता है, लिहाजा उपभोक्ताओं को इस बात पर संजीदगी से गौर करते हुए जल्द से जल्द अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान करवाना चाहिए।
कोट्स
विद्युत विभाग मैहतपुर में सहायक अभियंता कुशल कुमार ने कहा कि विद्युत बिल जमा करवाने की अंतिम तिथि 22 जुलाई तय की गई है। इसके बाद उन सभी उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे, जो पिछले लंबे अरसे से अपने बिजली बिल जमा नहीं करवा रहे हैं।