गारनी खड में खतरे से खेलते लोग, प्रशासनिक चेतावनियों की अनदेखी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना/बड़ूही (ऊना)। लगातार बारिश के कहर से स्वां नदी सोमवार को उफान पर नजर आई। ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के कारण स्वां नदी ने भी रौद्र रूप धारण किया है। इससे साथ में लगी खड्डों और नालों में भी पानी का प्रवाह इतना अधिक रहा कि लोगों के दुकानों और घरों में घुस गया। खेत खलियान भी पानी से जलमग्न रहे। इससे फसलें भी तबाह हो गई। वहीं उपमंडल अंब के तहत टकारला से सटी गारनी खड्ड में भारी पानी के बीच लापरवाही का खतरनाक नज़ारा सामने आया है। खड्ड में तेज बहाव के बावजूद कुछ प्रवासी युवक तटबंद के लोहे के जाल को पकड़कर बाहर निकालते देखे गए। यह सब तब हो रहा है, जब प्रशासन लगातार चेतावनी जारी कर रहा है कि भारी बारिश के दौरान लोग नदी-नालों से दूर रहें।
लोगों का कहना है कि लापरवाही के कारण कभी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार देखा गया है कि अचानक बढ़ते बहाव में व्यक्ति बह जाते हैं और फिर हादसे की जिम्मेदारी प्रशासन पर डाल दी जाती है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जब दुर्घटना घटती है तो वही परिवार प्रशासन और सरकार से मुआवजे की मांग करने लगते हैं, जबकि चेतावनी की अनदेखी करने वाले खुद जिम्मेदार होते हैं।
खड किनारे बनाए गए तटबंदों की स्थिति भी चिंता का विषय है। सरकार ने आसपास की बस्तियों और खेतों को बचाने के लिए लाखों रुपये खर्च कर तटबंद लगाए थे, लेकिन हालिया बारिश और तेज़ बहाव के चलते इनका कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि यह न सिर्फ लोगों की जान के लिए खतरा है, बल्कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध भी है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपील की है कि लोग खड्डों और नालों के पास जाने से परहेज करें। तहसीलदार अंब नरेश पटियाल का कहना है कि थाना प्रभारी अंब को आदेश कर दिया। कानून के अनुसार कार्यवाही अमल में लाई जाए। थाना प्रभारी अंब अनिल उपाध्याय का कहना है मामला संज्ञान में आया है नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।