नशा विरोधी दिलवाई शपथ, जागरूकता सामग्री भी की वितरित
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत धुसाड़ा पंचायत में नशा जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय लोग, युवा और महिलाएं बढ़-चढ़कर शामिल हुए। कार्यक्रम में डीएसपी अंब अजय ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कैंप का उद्देश्य बढ़ते नशे के खतरों, इसके दुष्परिणामों और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामुदायिक सहयोग को मजबूत करना था। कार्यक्रम में लीगल वॉलंटियर के रूप में नीरज कुमार धीमान और अमरजीत सिंह के साथ अंब टीम के अन्य सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डीएसपी अजय ठाकुर ने कहा कि नशा आज समाज के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई कर रहा है और ऐसे आयोजन समाज को जागरूक करने में मददगार हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। नीरज कुमार धीमान और अमरजीत सिंह ने नशा तस्करी और सेवन से जुड़े कानूनों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ये कानून कितने कठोर हैं और समाज को सुरक्षित रखने में हर नागरिक की भूमिका अहम है। कैंप में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रधान नीरू बाला, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और नशामुक्त वातावरण बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को नशा विरोधी शपथ दिलवाई गई और जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई।