ऊना। शहर के पुराने होशियारपुर मार्ग के किनारे बने नालों को ढकने का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा लगातार बना हुआ है। कई बार लोग इन खुले नालों में गिरकर घायल हो चुके हैं लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है।
सड़क के किनारे बने नाले काफी गहरे हैं। इन नालों को ढकने के लिए इन कोई स्लैब नहीं नहीं डाली गई है। ऐसे में खासकर रात के समय हादसों की आशंका बढ़ जाती है। कई दफा बाइक सवार और पैदल राहगीर संतुलन बिगड़ने पर सीधे नालों में जा गिरे हैं, जिससे उन्हें चोटें भी आई हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस संबंध में कई बार नगर निगम और संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक नालों को ढकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
पुराना होशियारपुर मार्ग पर नालों को ढकने के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद ही आगामी कार्य शुरू हो सकेगा। मनोज कुमार, संयुक्त आयुक्त नगर निगम ऊना