फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोगुना पैसे के चक्कर में न फंसे, अनजान लिंक पर न करें क्लिक : अजय ठाकुर

विज्ञापन
थानाकलां स्कूल में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ डीएसपी अजय ठाकुर। स
विज्ञापन
थानाकलां स्कूल में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में किया जागरूक
विज्ञापन


डीएसपी अजय ठाकुर ने बच्चों को दिए जरूरी सुझाव

कहा- दोस्त ऐसे बनाएं, जिनसे जीवन में सीखने की प्रेरणा मिले

संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां में शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में बच्चों को जागरूक किया गया। डीएसपी और अर्जुन अवार्डी अजय ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम, ट्रैफिक नियमों, नशे से दूर रहने और पुलिस कार्यप्रणाली के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि अगर कानून का सम्मान करेंगे तो जीना भी आसान हो जाएगा।
समाज में हर व्यक्ति को पुलिस की मदद करनी चाहिए और इसकी शुरुआत घर से की जाए तो वर्तमान में जो नशे की चंगुल में युवा फंस रहे हैं, वे नशे की कड़ी को तोड़ने में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। कहा कि वर्तमान में साइबर क्राइम बढ़ता जा रहा है। लोग दोगुना पैसा कमाने के चक्कर में लालच में आकर ठगी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर क्राइम में सबसे ज्यादा विश्वासघात अपने विश्वासपात्र लोगों के हाथों से ही हो रहा है। उन्होंने कहा कि दोस्त ऐसे बनाएं, जिससे जीवन में सीखने की प्रेरणा मिले। अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ऑनलाइन शॉपिंग और ऑनलाइन क्लासेज लगाने के लिंक से बचें। आए दिन फ्रॉड के मामले आ रहे हैं। इसमें सबसे बड़ा दोष इंसान का खुद का है जो रातों-रात अमीर बनने के चक्कर में ठगी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने थोड़ा ज्यादा काम करने और नया सीखने की सोच रखकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। बच्चों को कहा कि सोच हमेशा बड़ी रखो ताकि अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। बाहरी दिखावे से दूर रहो। इस अवसर पर स्कूल के उप प्रधानाचार्य बलविंदर सिंह ने अमर उजाला फाउंडेशन के पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इस के कार्यक्रमों से बच्चों का जहां मनोबल बढ़ता है वहीं जागरूकता भी आती है और बच्चों के सोच में भी बदलाव आता है। इस अवसर पर थ्रो बॉल संगठन के टेक्निकल अध्यक्ष यशवीर सिंह राणा सहित स्कूल का गणमान्य स्टाफ मौजूद रहा।
विज्ञापन



बॉक्स

कार्यक्रम में साइबर क्राइम और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। इस तरह के कार्यक्रमों से पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जागरूक हुए। -इशांत ठाकुर

ट्रैफिक नियमों के बारे में जानकारी मिली और संकल्प लिया कि लोगों को भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बिना हेलमेट के वाहन ड्राइव न करने के बारे में भी जानकारी दी। -निपुण
आज के दौर में हर कोई फेसबुक और अन्य माध्यम से जुड़ा हुआ है। ऐसे में अनजान लिंक पर क्लिक न करने के बारे में जानकारी प्राप्त हुई और अनजान लोगों से दोस्ती न करने के लिए प्रेरित किया गया। -अंशुल
कार्यक्रम में कॅरियर के बारे में भी टिप्स दिए गए और प्रेरित किया कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन में रहकर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। कहा कि बड़ी सोच के साथ ही बड़ा लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इसके बारे में भी प्रेरित किया गया। -रितिका
वर्तमान में महिलाओं के साथ जो उत्पीड़न हो रहे हैं, उसका सामना करने के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया और कहा कि हर घर में पुलिस के नंबर हर व्यक्ति के पास होने चाहिए। -सिमरन
विज्ञापन

कार्यक्रम में यौन उत्पीड़न, महिलाओं के साथ हो रही अत्याचार की घटनाओं के बारे में जागरूक किया कि किसी भी प्रकार का उत्पीड़न सहन न करें, सीधा पुलिस से संपर्क करें। समाज में अपराध रोकने में आगे आएं। -अंशिका
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें