जिला स्तरीय पिपलू मेले में एंटी चिट्टा डे के अवसर लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते। विभाग
बंगाणा (ऊना)। जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला-2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। मेले में श्रद्धालुओं ने भगवान नरसिंह नारायण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा अन्य आयोजन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आयोग के सदस्य विजय डोगरा भी उनके साथ रहे। समापन समारोह के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली गायक इशांत भारद्वाज, मोहित गर्ग तथा स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
कुलदीप कुमार ने कहा कि पिपलू जैसे ऐतिहासिक मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के संवाहक हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आह्वान पर प्रदेश में आयोजित एंटी चिट्टा डे के अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा विशेष रूप से युवाओं से नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।