जोल (ऊना)। जोल क्षेत्र में घरेलू गैस सप्लाई को लेकर भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। प्रशासन द्वारा तय किए गए रूट और समय के बावजूद गैस एजेंसी द्वारा नियमों की अवहेलना किए जाने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिलाधीश ऊना द्वारा गैस एजेंसियों के लिए क्षेत्रवार दिन और रूट निर्धारित किए गए हैं ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जोल क्षेत्र में गैस सप्लाई कर रही बंगाणा गैस एजेंसी इन निर्देशों का पालन नहीं कर रही और मनमाने तरीके से गैस वितरण किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए दिए गए नंबरों पर संपर्क करने पर कोई जवाब नहीं मिलता और न ही बुकिंग का कोई संदेश प्राप्त होता है। इसके अलावा गैस गाड़ी तय समय पर नहीं पहुंचती, जिससे लोगों को पूरा दिन सड़क पर इंतजार करना पड़ता है। पंकज कुमार, कपिल कुमार, चरण दास, सोम नाथ, गोल्डी, कमलेश कुमारी, संतोष, जोगिंद्र सिंह, शिव कुमार और यशपाल ने बताया कि गैस वितरण के दौरान कर्मचारियों का व्यवहार ठीक नहीं होता। कई बार सिलिंडर गाड़ी से फेंके जाते हैं जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सिलिंडरों का वजन भी नहीं जांचा जाता।
लोगों ने जिलाधीश ऊना से मांग की है कि इस मामले में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की जाए और उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। इसके साथ ही, लोगों ने सुझाव दिया है कि जोल क्षेत्र को नजदीकी चौकीमन्यार स्थित आर्यन गैस एजेंसी से जोड़ा जाए।
फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर बंगाणा नरेश कुमार ने बताया कि पीछे से सप्लाई कम आने के कारण गैस सिलिंडरों की कमी आई है जिसे जल्द ही सुधार लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी बंगाणा के कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।