दो समुदायों के बीच बढ़ते तनाव को पंचायत और राजस्व विभाग ने मिलकर सुलझाया
ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से भूमि देने पर जताई सहमति
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। उपमंडल गगरेट की ग्राम पंचायत दियोली ने दो समुदायों के बीच उत्पन्न हुए तनाव को शांत कर आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की है। गांव में कब्रिस्तान निर्माण का मुद्दा ऐसा था कि उसने सांप्रदायिक रंग लेने की आशंका पैदा कर दी थी, लेकिन पंचायत और राजस्व विभाग की सूझबूझ से मामला सुलझ गया।
बीते दिनों दियोली पंचायत क्षेत्र में कब्रिस्तान के लिए भूमि को लेकर विवाद बढ़ने ही वाला था कि पंचायत और प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप किया। पंचायत ने इस मुद्दे को लेकर बाकायदा बैठक बुलाई और प्रस्ताव पारित कर जिला प्रशासन से कब्रिस्तान के लिए भूमि उपलब्ध करवाने की मांग की। कानूनी प्रक्रिया के तहत राजस्व रिकॉर्ड में भूमि की एंट्री आवश्यक होती है। राजस्व विभाग ने दोनों पक्षों से बातचीत की, जिसमें किसी ने भी कोई आपत्ति नहीं जताई। इतना ही नहीं, करीब 150 ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त बयान दिया कि दियोली मिन्हासां में खसरा नंबर 266/1 की भूमि कब्रिस्तान के लिए दी जाती है तो उन्हें कोई एतराज नहीं है। गांव के नंबरदार और ग्राम पंचायत प्रधान पूर्ण सिंह सहित कई लोगों ने इस पर हस्ताक्षर किए। ग्राम पंचायत प्रधान पूर्ण सिंह ने कहा कि दियोली गांव अमन और भाईचारे के लिए जाना जाता है। यहां सभी धर्मों का सम्मान होता है। जो गलतफहमियां पैदा हुई थीं, उन्हें भूलकर दोनों समुदायों ने एक-दूसरे का सम्मान करते हुए कब्रिस्तान के लिए भूमि दिए जाने पर सहमति जताई।