मंदिर में माथा टेककर होटल लौट रहे थे तरनतारन पंंजाब के श्रद्धालु, चालक मौके से भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी बाजार में शनिवार रात 8:00 बजे के करीब स्कार्पियो ने पैदल जा रहे श्रद्धालु कुचल दिए। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई और चार घायल हो गए। यह हादसा इतना भयानक था कि मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। हादसे के बाद स्कार्पियो का चालक मौके से भाग गया है। उसकी पहचान ऊना के नारी निवासी के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक एक स्कार्पियो गाड़ी मंदिर की तरफ से नीचे बस स्टैंड की ओर जा रही थी। तभी सड़क किनारे ख़डी एक अन्य गाड़ी का बंपर तोड़ती हुई एक दुकान को टक्कर मारी और उसके बाद पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को कुचल डाला।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने गाड़ी को उठाकर इसके नीचे दबे बच्चे और अन्य श्रद्धालुओं को निकाला लेकिन एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
शनिवार का दिन होने के कारण रात के समय मंदिर रोड पर श्रद्धालुओं की आवाजाही भी ज्यादा थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। हादसे में श्रद्धालु महिला साधना की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। घायलों में ज्योति (30), रोहित (35), आरवि पंडरी (9),और जानवी (13) शामिल हैं। सभी श्रद्धालु पंजाब के तरनतारन के रहने वाले हैं और मंदिर दर्शन करके वापस होटल के कमरे में जा रहे थे। मृतक महिला की बेटी जानवी का रो-रो कर बुरा हाल था और वह बार-बार अपनी मां को ढूंढती नजर आई। यह हादसा इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि मंदिर रोड पर गाड़ियों की आवाजाही पर सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक प्रतिबंध है, लेकिन रात के समय बेरोक-टोक गाड़ियां मंदिर मार्ग पर दौड़ती रहती हैं। इससे हर समय मुख्य सड़क पर हादसे का डर बना रहता है। मौके पर चिंतपूर्णी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी। हादसे का कारण चालक की लापरवाही से गाड़ी चलाना बताया जा रहा है।