मूलभूत सुविधाओं को लेकर सर्वेक्षण शुरू, तैयार होगी विस्तृत रिपोर्ट
स्ट्रीट लाइट, पक्की गली, सीवरेज लाइन सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का होगा प्रबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगर निगम में हाल ही में शामिल की गई 14 पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम प्रबंधन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर आगामी कार्ययोजना बनाई जाएगी। नगर निगम अब इन नए क्षेत्रों में पक्की गलियों, स्ट्रीट लाइट्स, सीवरेज लाइन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष योजनाएं तैयार कर रहा है, ताकि यहां के निवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। नगर निगम के अनुसार इन पंचायत क्षेत्रों के लिए मास्टर प्लान तैयार करने की दिशा में कार्य तेज़ी से चल रहा है। वर्तमान में सर्वेक्षण कार्य जारी है, जिसमें स्थानीय लोगों की समस्याएं और उनकी मांगों को भी रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। विशेष बात यह है कि अब सीवरेज लाइन और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी नगर निगम ही निभाएगा। जल शक्ति विभाग की बजाय निगम स्वयं इन कार्यों को पूर्ण करेगा। कई क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों की शुरुआत कर दी जाएगी।
स्वच्छता पर रहेगा विशेष फोकस
फिलहाल इन पंचायत क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन की कोई सुव्यवस्थित व्यवस्था नहीं है। इसे देखते हुए नगर निगम डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन सेवा शुरू करने की योजना बना रहा है। इस दिशा में भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
नगर निगम में शामिल पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसे लेकर एक विशेष रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही इन क्षेत्रों में कार्य आरंभ किए जाएंगे।
-अंकुश राणा, एसडीओ, नगर निगम ऊना