ऊना। नगर निगम में हाल ही में शामिल किए गए नए क्षेत्रों के विकास के लिए निगम प्रबंधन ने विस्तृत योजना तैयार कर ली है। वर्षों से लंबित बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए अब तेजी से कार्य शुरू करने की तैयारी है। योजना के तहत सड़क निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा जिससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
नगर निगम के दायरे में शामिल हुए कई गांवों और रिहायशी कॉलोनियों में अब तक सुविधाओं का अभाव है। कई स्थानों पर कच्चे या जर्जर रास्तों के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में निगम ने सबसे पहले सड़कों के निर्माण और मरम्मत को प्राथमिकता सूची में रखा है। इसके साथ ही जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों के निर्माण और पुराने नालों की मरम्मत का कार्य भी प्रस्तावित है। इन समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम भी कुछ स्थानों पर शुरू कर दिया गया है।
ठोस कचरा प्रबंधन और नियमित सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा। निगम का प्रयास है कि इन क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली लागू की जाए ताकि स्वच्छता सुनिश्चित हो सके और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। नगर निगम के अनुसार विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से अमल में लाया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र में शामिल हुए क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है। कई क्षेत्रों में कार्यों को शुरू कर दिया गया है।
-मनोज कुमार, संयुक्त आयुक्त नगर निगम ऊना