घनारी (ऊना)। घनारी में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट बाइक से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने का मामला एक बार फिर सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि जिस बाइक का गगरेट ट्रैफिक पुलिस ने 10,500 रुपये का चालान किया था, उसी चालक को कथित तौर पर दोबारा तेज रफ्तार में हुड़दंग मचाते देखा गया। इससे पुलिस कार्रवाई के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश नहीं लग पाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों के मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित बुलेट बाइक पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ है, जिससे चालक सड़क पर चलते हुए पटाखों जैसी कानफाड़ू आवाजें निकालता है। इससे बाजार और आसपास के क्षेत्रों में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस अधीक्षक ऊना से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित बाइक की दोबारा जांच करवाने की मांग की है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि स्थानीय पुलिस इस मामले में नजर बनाए हुए हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।