संतोषगढ़ में औचक निरीक्षण करते शिक्षा उपनिदेशक व उनकी टीम। स्रोत विभाग
विद्यालयों की व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुविधाओं को जांचा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतोषगढ़ (ऊना)। पीएमश्री वीरेंद्र गौतम मेमोरियल बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और उत्कृष्ट कन्या विद्यालय संतोषगढ़ का वीरवार को जिला शिक्षा उच्च अधिकारियों की ओर से औचक निरीक्षण किया गया। जिला उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार तक्खी और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सोमलाल धीमान ने संयुक्त तौर पर दोनों विद्यालयों में पहुंचकर यहां की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं को जांचा। कन्या विद्यालय में पहुंचकर दोनों उपनिदेशकों ने छात्राओं से विभिन्न सवालों को पूछने के साथ विद्यालय की आईटी लैब, दूसरी प्रयोगशालाओं और छात्राओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं की पूरी जानकारी हासिल की। उपनिदेशकों ने विद्यालय की छात्राओं से कई विषयों पर प्रश्न भी पूछे। इनके अच्छे तरीके से विद्यालय की छात्राओं ने उत्तर दिए। औचक निरीक्षण के अंतर्गत शिक्षा उपनिदेशकों ने नगर के बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी पहुंच कर वहां की व्यवस्थाओं की पूरी जांच की।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक अनिल कुमार तक्खी और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सोमलाल धीमान ने कहा कि सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों की अपेक्षा बेहतर और बढ़िया सुविधाएं छात्र-छात्राओं को प्रदान की जा रही हैं। अभिभावकों को चाहिए कि सरकारी स्कूलों की सुविधाओं का आकलन करते हुए अपने बच्चों के बढ़िया भविष्य के लिए सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित करें। निरीक्षण टीम में उपनिदेशकों के साथ अधीक्षक अशोक कुमार, पुष्पा रानी (इंस्पायर) जिला नोडल अधिकारी, वरिष्ठ सहायक दिनेश, वरुण पाठक सहित कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की कार्यकारी प्रधानाचार्य कविता कुमारी, बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की कार्यकारी प्रधानाचार्य सीमा देवी व विद्यालयों के दूसरे शिक्षक भी उपस्थित रहे।