उपायुक्त ने कहा, लापरवाही की सचिव को लिखी जाए चिट्ठी
द स्कूल अडॉप्शन कार्यक्रम में जिले के 47 स्कूल चयनित
सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों से संवाद करेंगे अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपायुक्त जतिन लाल ने डीआरडीए सभागार में अपना विद्यालय योजना और जिले की अन्य प्रमुख विकास योजनाओं की प्रगति सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकें ली। उन्होंने जिले के अधिकारियों की अलग-अलग बैठक ली और जरूरी दिशा निर्देश दिए। सभी विभागों को जिले में प्रदेश सरकार के तमाम फ्लैगशिप कार्यक्रमों को पूरी तत्परता से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में जब सरकार के अपना विद्यालय-हिमाचल स्कूल अडॉप्शन कार्यक्रम को लेकर चर्चा शुरू हुई तो पता चला कि शिक्षा विभाग के दोनों उपनिदेशक ही इस बैठक से गायब हैं। इस लापरवाही पर उपायुक्त ऊना ने तल्ख रुख अपनाते हुए कहा कि अपना विद्यालय कार्यक्रम सीधा शिक्षा विभाग से जुड़ा है। इसके बावजूद उच्च और प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक बैठक में नहीं पहुंचे और न इसकी कोई पूर्व सूचना दी गई। वहीं, शिक्षा विभाग की ओर से मौजूद अधिकारी ने बताया कि स्कूलों में वार्षिक समारोहों के कारण उपनिदेशक नहीं आ पाए। इस पर उपायुक्त ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब बैठक में शिक्षा विभाग के उपनिदेशक नहीं पहुंचे। ईट राइट मेले की बैठक में भी उनकी गैरमौजूदगी रही। जबकि, उस मेले में शिक्षा विभाग के चार इवेंट हो रहे हैं। अगर नहीं आना तो इसकी वजह सहित पूर्व सूचना तो दी जा सकती है। उपायुक्त ने बैठक में ही निर्देश दिए कि इस लापरवाही पर शिक्षा सचिव को पत्र लिखा जाए। उधर, अपना विद्यालय कार्यक्रम के पहले चरण में ऊना जिला के 47 स्कूलों का चयन किया गया। उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि जिला के सभी सरकारी अधिकारी चयनित किए गए सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों से संवाद करेंगे और अपनी विशेषज्ञता के विषय की कक्षाएं लेंगे।
बॉक्स
ये स्कूल हुए चयनित
हिमाचल स्कूल अडॉप्शन कार्यक्रम के तहत पहले चरण में रावमापा (छात्रा) ऊना, रावमापा बहडाला, रावमापा(बाल) ऊना, रावमापा दुलैहड़, रावमापा बढे़ड़ा राजपूतां, रावमापा धुंदला, रावमापा थानाकलां, रावमापा बसदेहड़ा, रावमापा देहलां, रावमापा हरोली, रावमापा घनारी, रावमापा रायपुर सहोड़ां, रावमापा संतोषगढ़ (गर्ल्स), रावमापा ललड़ी, रावमापा अंब, रावमापा बसाल, रावमापा अंबोटा, रावमापा पंडोगा, रावमापा सलोह, रावमापा ठठल, रावमापा कांगड़, रावमापा मुबारिकपुर, रावमापा धुसाड़ा, रावमापा पूबोवाल, रावमापा बंगाणा, रावमापा अंदौरा, रावमापा बेहड़ जस्वां, रावमापा दौलतपुर चौक, रावमापा नैहरियां, रावमापा गुरपलाह, रावमापा दियाड़ा, रावमापा भैरा, रावमापा तलमेहड़ा, रावमापा बने दी हट्टी, रावमापा खड्ड, रावमापा धमांदरी, रावमापा समूरकलां, रावमापा बौल, रावमापा रपोह मिसरां, रावमापा बडूही, रावमापा मरवाड़ी, राजकीय उच्च विद्यालय लोअर बसाल, रावमापा चौकीमन्यार, रावमापा टक्का, रावमापा पंडोगा अप्पर और रावमापा नारी स्कूल को शामिल किया गया है।