ग्राम पंचायत अंबोटा में मतदान केंद्र का निरिक्षण करते एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर
- फोटो : Una
ऊना। पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान उपायुक्त राघव शर्मा ने जिले के कई संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को दौरा किया। राघव शर्मा ने देहलां अपर पंचायत के वार्ड नंबर 1, 2, 8, 10 व 11, ग्राम पंचायत सनौली के सात वार्डों के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनौली में स्थापित किए गए पोलिंग स्टेशनों का दौरा किया।
इसके अलावा डीसी ने बाथू ग्राम पंचायत के 7 वार्डों के लिए राजकीय पाठशाला में बनाए पोलिंग स्टेशनों और ग्राम पंचायत हरोली के नौ वार्डों के लिए बनाए गए राजकीय प्राथमिक पाठशाला हरोली के पोलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। राघव शर्मा ने पोलिंग स्टाफ को मतदाताओं से कोविड दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता मास्क पहन कर आएं और थर्मल स्क्रीनिंग की जाए। साथ ही मतदान केंद्रों पर सैनिटाइज करने और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था को भी जांचा।
उन्होंने मतगणना संबंधी तैयारियों पर भी अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उनके साथ एसडीएम हरोली गौरव चौधरी भी उपस्थित रहे।
डीसी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव के लिए जिला ऊना के पांच विकास खंडों की 86 ग्राम पंचायतों में मदतान के लिए 131 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 23 संवेदनशील और 19 अति-संवेदनशील मतदान केंद्र हैं।