उपायुक्त ने एथनो बोटेनिकल पार्क का किया निरीक्षण
अधिकारियों को समय रहते निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपायुक्त राघव शर्मा ने वीरवार को अंदरौली में निर्माणाधीन एथनो बोटेनिकल पार्क का निरीक्षण किया। राघव शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को एथनो बोटानिकल पार्क का समय रहते निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एथनो बोटेनिकल पार्क में गिफ्ट शॉप, सेल सेंटर, बीओ क्वार्टर, टिकट सेंटर, स्वच्छता कैफे, रेस्टोरेंट, ट्री-हाउस, शौचालयों व बड़ी पार्किंग का आधुनिक निर्माण किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार एथनो बोटेनिकल पार्क अंदरौली में 12.94 लाख रुपये से स्मारिका शॉप सह ग्रामीण मार्ट ब्लॉक-ए व 12.94 लाख रुपये से स्मारिका शॉप, सह ग्रामीण मार्ट ब्लॉक-बी तथा 12.94 लाख रुपए की लागत से स्वच्छता कैफे का भी निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा 14.98 लाख रुपये की लागत से एथनो बोटेनिकल पार्क में शौचालय कॉंप्लेक्स निर्मित किया जा रहा है। वहीं 8.85 लाख रुपये से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र भी बनेगा।
पार्क में 13.09 लाख से किचन कॉंप्लेक्स, 11.73 लाख रुपये से मुख्य द्वार कॉंप्लेक्स तथा 18.53 लाख रुपये से एथनो बोटेनिकल पार्क अंदरौली की चहारदीवारी का कार्य किया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि एथनो बोटेनिकल पार्क से अंदरौली में पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा। कहा कि पर्यटकों के आने से कुटलैहड़ के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और क्षेत्र की आर्थिकी सुदृढ़ होगी।