70 प्रतिशत भाग सीमेंट-कंक्रीट तकनीक से बनेगा, आठ माह में पूरा होगा काम
बोले- 2026 में हरोली हलके में विकास कार्यों पर खर्चे जाएंगे 2500 करोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंजावर में लगभग 15.37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना के लिए धनराशि विधायक निधि से उपलब्ध करवाई गई है। सड़क निर्माण में माढू की निहाली से मदन के घर तक, लोअर पंजावर से सैनी मोहल्ला, मोहल्ला ढक्की से दौलतपुर तथा नगनोली पेट्रोल पंप (वार्ड नंबर-5) से शिव मंदिर, पंजावर तक के मार्ग शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य का लगभग 70 प्रतिशत भाग सीमेंट-कंक्रीट तकनीक से किया जाएगा और इसे आठ माह के भीतर पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के दौरान हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2,500 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से हरोली की विकास की नई तस्वीर उभरेगी और यह क्षेत्र प्रदेश के विकास मानचित्र पर एक नए स्वरूप में दिखाई देगा। उप मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल ही में 11.50 करोड़ रुपये की लागत से पंजावर-पंडोगा सड़क का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। इसके अलावा हरोली विधानसभा क्षेत्र में 11 पुलों के निर्माण पर लगभग 132 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इनमें 50 करोड़ रुपये की लागत से पंडोगा-त्यूड़ी पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पंजावर गांव सहकारिता आंदोलन की जन्मस्थली के रूप में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और आज यह ऐतिहासिक धरती विकास की नई इबारत लिख रही है। इस दिशा में 10 करोड़ रुपये की लागत से मियां हीरा सिंह स्टेट कोऑपरेटिव ट्रेनिंग सेंटर एवं सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है, जबकि 13 करोड़ रुपये की लागत से सर नाले के तटीकरण का कार्य जारी है। उप मुख्यमंत्री ने पंजावर में पुस्तकालय-सामर्थ्य ज्ञानदीप केंद्र का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने 12.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहे हरोली कॉलेज के अत्याधुनिक भवन का निरीक्षण किया। इस परिसर में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ स्टेज, कैफेटेरिया, ओपन जिम, वॉलीबाल और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।