लैहड़ी सरेल पंचायत कार्यालय गांव से दूर
ग्रामीणों ने धर्माणी से की हस्तक्षेप की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपतहसील भराड़ी के बलड़ा गांव के लोगों ने गांव को डंगार पंचायत में समायोजित करने की मांग की है। गांव के लोगों ने सरकार और प्रशासन से इस विषय में उचित कदम उठाने का आग्रह किया।
बलड़ा गांव ग्राम पंचायत लैहड़ी सरेल के अधीन है। इस कारण यहां के लोगों को पंचायत के कार्यों को करवाने के लिए सात से आठ किलोमीटर सड़क का सफर तय करके पंचायत कार्यालय पहुंचना पड़ता है। इस कारण लोगों को आर्थिक हानि के साथ-साथ समय का नुकसान उठाना पड़ता है। गांव के लोगों ने इस गांव को नजदीकी डंगार पंचायत में समायोजित करने की गुहार लगाई है। गांव के लोगों के अनुसार डंगार क्षेत्र उन्हें नजदीक पड़ता है। रोजमर्रा से जुड़े कार्यों में लिए डंगार आना जाना लगा रहता है। इस कारण वे डंगार पंचायत में कार्य भी आसानी से करवा सकते हैं। इस गांव की जनसंख्या करीब 200 है। गांव में बुजुर्ग लोगों के साथ-साथ साथ कई ऐसे परिवार हैं जिनके सदस्य घरों से दूर कार्य करते हैं। यदि बुजुर्ग लोगों को लैहड़ी सरेल पंचायत जाना पड़े तो चार सौ से लेकर पांच सौ रुपये किराए के खर्च करने पड़ते हैं।
बलड़ा गांव से लैहड़ी सरेल के लिए बस सुविधा नहीं है। बलड़ा गांव की ग्राम सुधार समिति ने भी इस मांग को उठाया है। गांव के लोगों ने मांग को जल्द पूरा करने के लिए तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी से हस्तक्षेप करने की मांग की है।