देहरा से होशियारपुर जा रही बस रास्ते में हुई खराब।संवाद
मुबारिकपुर (ऊना)। एचआरटीसी की तरफ से लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं लेकिन धरातल पर व्यवस्था रामभरोसे ही चल रही है।
सोमवार सुबह निगम की देहरा डिपो की बस अंब के पास खराब हो गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। निगम की तरफ से यात्रियों को दूसरी बस में भेजना पड़ा।
एचआरटीसी की बसों का रूट के दौरान खराब होना सवारियों के लिए परेशानी बनता जा रहा है लेकिन निगम प्रबंधन इस बारे गंभीर नजर नहीं आ रहा।
सोमवार सुबह उस समय सवारियों को परेशान होना पड़ा, जब परिवहन निगम की देहरा से होशियारपुर जा रही बस में अचानक खराब हो गई। इस बस में सवार मनदीप, सुमन, कमल ने बताया कि खटारा बसों से उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि इस बस में कोई अस्पताल तो कोई जरूरी काम के लिए जा रहा था। बसों का खराब होना बेहतर बस सेवा के दावों को धरातल पर खोखला साबित कर रहा है।
लोगों ने आरोप लगाया कि बसों को रूट पर भेजने के पहले उसकी जांच की जानी चाहिए ताकि रास्ते में बस में कोई दिक्कत न आए।
ऐसा न होने से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ती है। सुबह से समय अपने कामकाज को जाने के लिए लोग निगम की बसों पर निर्भर हैं लेकिन बसों का बीच रूट पर खराब हो जाना निगम की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर रहा है। इस दौरान यात्रियों को निगम की अन्य बस से भेजा गया।