ऊना। जिला के लालसिंगी इलाके में बीते 19 नवंबर 2025 को हुई संतोषगढ़ निवासी युवक आशु पुरी हत्या और उसके बाद गोली चलाने वाले पक्ष पर तेजधार हथियार चलाने के मामले में अभी भी कुछ आरोपी पकड़ से दूर हैं। इस बीच मामले में अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे दो आरोपियों ने जिला अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई, जिस पर सोमवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के उपरांत याचिका पर फैसला 18 फरवरी बुधवार तक टाला गया है। बुधवार को दोबारा मामले में सुनवाई होगी और अग्रिम जमानत पर फैसला सुनाया जाएगा। ध्यान रहे कि आशु पुरी गुट के चार युवकों को पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पहले तेजधार हथियारों से हमला करने के आरोपी आकाश निवासी बहडाला जिला ऊना ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उसके तीन अन्य साथियों को पंजाब के मोहाली से करीब डेढ़ माह पहले पकड़ा गया था। अब मामले में इसी गुट के दो और युवक सारुल कपिला, चांद ठाकुर अभी फरार हैं। दोनों युवकों ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई हुई है।
गौरतलब है कि इस बहुचर्चित मामले में जहां आशु पुरी की गोली लगने से मौत हो गई थी तो वहीं आशु पुरी के साथियों ने गोली चलाने वाले परमिंद्र सिंह निवासी सनोली व उसके साथी पुरजिंद्र सिंह उर्फ पिंदू पर तेजधार हथियारों से कई वार किए। हमले में दोनों को सिर, चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई। दोनों अभी तक पीजीआई चंडीगढ़ में गंभीर हालत में उपचाराधीन हैं। मामले में आशु पुरी के साथियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। वहीं हत्या करने के दो आरोपी पीजीआई में और एक गुरजीत मान जेल में कैद है।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कड़ी दर कड़ी आरोपी पकड़े गए हैं। मामले दो आरोपियों ने अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई है। अदालत के आदेश अनुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी।