संतोषगढ़ (ऊना)। नगर परिषद संतोषगढ़ से टाहलीवाल की ओर जाने वाले मार्ग पर सोमभद्रा (स्वां) नदी पुल पर अंधरे में रोशनी करने के लिए व पुल को जगमगाने के लिए लगाई गईं सोलर लाइट्स चोरी हो गई हैं। स्वां नदी पुल पर लोक निर्माण विभाग की ओर से लगभग ढाई वर्ष पूर्व लगाई गई 40 लाइट्स में से एक दर्जन से अधिक लाइट्स चोरी हो चुकी हैं। सोलर प्लेट्स, सोलर लाइट्स के साथ-साथ लाइट लगाने के लिए प्रयोग किए जाने वाले लोहे के पोल भी चोरी हो चुके हैं। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना के समीप बने प्रदेश के सबसे लंबे हरोली-रामपुर पुल के लोकार्पण के उपरांत संतोषगढ़ में स्वां नदी पर चार दशक पुराने बने पुल को संवारने व उसे भी रोशनी से जगमगाने के लिए सोलर लाइट्स लगाए जाने के निर्देश जिला प्रशासन व अधिकारियों को दिए थे। उपमुख्यमंत्री के आदेशों के उपरांत लोक निर्माण विभाग ने लाखों रुपये खर्च कर स्वां नदी पुल का मरम्मत कार्य करवाया और 40 सोलर लाइट्स भी लगवाईं। उसके उपरांत संतोषगढ़ का प्राचीन पुल भी से जगमगाने लगा था। दो वर्ष बीत जाने के बाद अब पुल पर लगाई गई लाइट्स में से एक दर्जन से ज्यादा लाइट्स चोरी हो चुकी हैं।
स्वां नदी पुल से सोलर लाइट्स का चोरी होना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस बात के लिए जागरूक होना चाहिए कि अगर कोई सुविधा सरकार की ओर से सार्वजनिक स्तर पर प्रदान की गई है तो उसे नुकसान न पहुंचाया जाए।
-रजनीश चब्बा, नगर परिषद उपाध्यक्ष
स्वां नदी पुल पर दो-ढाई साल पहले जो सोलर लाइट्स लगाई गई थीं, उससे स्वां पुल की तरफ सैर के लिए जाने वाले लोगों एवं आम राहगीरों को रोशनी व्यवस्था से रात के समय व अंधेरे में काफी सुविधा मिल पा रही थी। सोलर लाइट्स का चोरी हो जाना लोगों का अपनी सुविधाओं को ही बर्बाद करने का कार्य है।
-आकाश पराशर, नगर परिषद निवासी