नगर पंचायत दौलतपुर में एस डीएम सौमिल गौतम पद गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए
दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक में वीरवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरुणा कुमारी तथा उपाध्यक्ष रेणु रानी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर नगर पंचायत के निर्वाचित पार्षदों के साथ अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद एसडीएम ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर पंचायत जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता को प्राथमिकता दे। उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए नगर के समग्र विकास की दिशा में प्रभावी प्रयास करने का आह्वान किया।
अध्यक्ष अरुणा कुमारी और उपाध्यक्ष रेणु रानी ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। नगर पंचायत के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पेयजल आपूर्ति में सुधार, सड़कों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर करने सहित अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। लोगों की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए नगर पंचायत पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।