वर्ष 2022 से शुरू हुआ निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा पूरा
दर्जनों गावों के लोगों को खड्ड पार कर करना पड़ रहा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी(ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के डठवाड़ा के मोहल्ला जट्टा झीगड़ा से धमांदरी बस अड्डे तक बनने वाला निर्माणाधीन पुल का कार्य अधर में लटका हुआ है। पुल निर्माण का कार्य करीब डेढ़ वर्ष पहले नवंबर 2022 में शुरू हुआ था। पुल निर्माण के चलते ग्रामीणों को पैदल चलने के लिए भी रास्ता नहीं रहा है। लोगों को पैदल आने-जाने के लिए भी खड्ड में लगे सरकंडों के बीच में से होकर जाना पड़ रहा है। उक्त पुल का काम चलते हुए ही विधानसभा चुनाव आने के कारण आचार संहिता लग गई। इसके बाद कार्य बंद हो गया और इस कार्य के निर्माण के लिए कोई बजट लोक निर्माण विभाग के पास नहीं आया।
जानकारी के अनुसार एक करोड़ 71 लाख रुपए की लागत से सड़क और पुल का निर्माण शुरू हुआ था। पुल के लिए बनाए जाने वाले पिल्लर भी अभी अधूरे पड़े हैं। कार्य अधूरा होने से डठवाड़ा, बदोली, वरेडा, बडसाला, भलोह आदि गांवों को आपस में इस पुल के माध्यम से जोड़ा जाना है। लेकिन अब दोबारा लोकसभा चुनाव को लेेकर लगी आचार संहिता के कारण बजट मिलने भी देरी हो सकती है। गांव डठवाड़ा व मोहल्ला जटटा झीगडा के करीब 100 विद्यार्थी खड्ड पार करके धमांदरी स्कूल में पढ़ने के लिए जाते हैं। उनके लिए अन्य कोई वैकल्पिक रास्ता भी नहीं है। इस वजह से बच्चों को खड्ड से होकर जाना पड़ता है।
बरसात से पहले निर्माण करवाने की मांग
इस पुल से करीब 4000 की आबादी को लाभ मिलना है। स्थानीय लोगों में महेंद्र पाल, कुलदीप सिंह, जोगिंद्र सिंह, बलविंद्र सिंह, विशाल, संतोष कुमारी, सुषमा, सरोज देवी, बीना देवी, अमरजीत, रविंद्र, मनीष कुमार, राजेंद्र कुमार, धमांदरी पंचायत की प्रधान सुनीता देवी, डठवाड़ा की प्रधान रीतू, प्रधान बदोली रजत ने सरकार से मांग की है कि बरसात आने से पहले पुल का कार्य पूरा करवाया जाए, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
पुल का निर्माण कार्य पिछली सरकार के समय शुरू हुआ था, जो कि अब तक बंद पड़ा है। बजट के लिए एस्टीमेट और जरूरी कागजात भेजे गए हैं। बजट उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
आरएस राणा, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग
बजट के बारे में मुख्यमंत्री से हर हफ्ते मांग की जाती थी, परंतु एक पैसा भी हमें नहीं दिया गया। यदि दोबारा अब विधायक चुना गया तो बजट के लिए शत-प्रतिशत प्रयास करूंगा।
देवेंद्र कुमार भुट्टो, भाजपा उम्मीदवार, कुटलैहड़
सचित्र