ऊना। केंद्रीय खेल मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर की गृह संसदीय क्षेत्र में क्रिकेट स्टेडियम की दरकार है। धर्मशाला की तरह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कई बार अंतराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम बनाने की मांग उठती रही है। विशेषकर युवा वर्ग एवं खेल प्रेमी कई बार मांग उठा चुके हैं, लेकिन आज दिन तक खेल प्रेमियों को मायूसी ही हाथ लगी है।
निसंदेह पूर्व में अनुराग एचपीसीए में रहकर धर्मशाला सहित प्रदेश में क्रिकेट उत्थान के लिए काफी काम कर चुके हैं। वर्तमान में उनके परिवार में भाई अरुण धूमल आईपीएल चेयरमैन हैं तो बीसीसीआई में अहम पद पर रहकर क्रिकेट जगत को अहम योगदान दे चुके हैं, लेकिन गृह संसदीय क्षेत्र में क्रिकेट स्टेडियम की मांग को पूरा करने में असमर्थ नजर आए हैं। हालांकि क्रिकेट गतिविधियों से लेकर जिला, एवं राज्य स्तरीय सहित नार्थ इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए संसदीय क्षेत्र के ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में खेल मैदान हैं। वहीं, ऊना शहर के आसपास गांव में स्टेडियम निर्माण के लिए एक साथ भूमि की तलाश की गई थी, लेकिन यह सिरे नहीं चढ़ पाई।
सियासत की पिच पर चार बार नाबाद रहे अनुराग ठाकुर पांचवीं बार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यकीनन उनकी वोट बैंक पर नजर होगी, इसलिए युवाओं की इस मांग को लेकर उनका सीधे तौर पर हस्तक्षेप न होना युवा वर्ग को मायूस कर रहा है।
अगर मार्च में जारी आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो इस संसदीय क्षेत्र में करीब 14,15,724 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 708153 पुरुष व 707556 महिलाएं और 15 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इनके अलावा सर्विस वोटर्स की संख्या 23,269 है। इनमें 556 महिला सर्विस वोटर्स शामिल हैं। यहां युवा मतदाताओं की संख्या काफी है। संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभा में युवा मतदाताओं की संख्या 34,590 हैं। इस बड़े वोट बैंक आंकड़ें को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।
-
क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण एचपीसीए एवं बीसीसीआई करता है। हालांकि अनुराग ठाकुर ने एचपीसीए में रहते हुए धर्मशाला, ऊना, नादौन, बिलासपुर आदि सहित प्रदेश में खेल मैदानों को क्रिकेट के अनुरूप दशा और दिशा दी है। वह हर समय खेल को बढ़ावा देने के लिए तत्पर हैं।
-सुमीत शर्मा, सचिव, प्रदेश भाजपा
भाजपा ने हमेशा ही युवा वर्ग को ठगा है। बात चाहे रोजगार की हो या फिर खेल की। भाजपा नेताओं ने युवाओं के साथ ओच्छी राजनीति की है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा कांग्रेस सरकारों ने मुख्य भूमिका निभाई है। अनुराग ठाकुर अपने संसदीय क्षेत्र में खेल स्टेडियम का निर्माण तक नहीं करवा पाए।
-सतपाल रायजादा, उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस