हरोली के गांव मानूवाल निवासी एक व्यक्ति में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। पीड़ित को उपचार के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डेंगू का मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। चिकित्सकों ने पीड़ित का उपचार शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित पंचकूला में फायर ब्रिगेड विभाग में नौकरी करता है और वहीं इस बीमारी की चपेट में आया है। जानकारी के अनुसार मानूवाल निवासी मेहर सिंह पंचकूला में फायर ब्रिगेड में कार्यरत है। पिछले कुछ दिनों से उसे बुखार की शिकायत हुई। उन्होंने वहीं दवाई ली और उपचार शुरू कर दिया, लेकिन बुखार कम न होने पर वह अपने घर आ गया। ऊना में उसने बुखार को लेकर खून की जांच करवाई, जिसमें उसके डेंगू से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट सामने आने के साथ ही डेंगू का उपचार शुरू कर दिया है।
पीड़ित को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। पीड़ित का इलाज कर रहे चिकित्सक डा. एसके बंसल ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट में डेंगू एनएसआई एंटीजन के लक्षण पॉजीटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट को क्रॉस चेक भी करवाया जा रहा है। उधर, सीएमओ डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति पंचकूला में ही डेंगू की चपेट में आया है। बहरहाल, उसका उपचार शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि जिला ऊना में डेंगू ने दस्तक दे दी है। इससे पहले भी अंब अस्पताल में दो मामले डेंगू पॉजीटिव के सामने आए हैं। यह सभी रोगी बाहरी राज्यों में ही डेंगू की चपेट में आए हैं।