गगरेट (ऊना)। श्रावण अष्टमी मेले में देशभर से श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचकर सेवा और भक्ति में जुटे लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर शातिर चोर भी सक्रिय हो गए हैं। यहां लुधियाना से लंगर सेवा के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु की बाइक चोर चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि शातिर अपनी पुरानी बाइक मौके पर खड़ी कर श्रद्धालु की नई बाइक लेकर भाग गए। घटना सामने आने के बाद मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार लुधियाना से श्रद्धालुओं का एक दल चिंतपूर्णी में लंगर सेवा के लिए पहुंचा था। दल के सदस्य ने अपनी बाइक लंगर स्थल के पास खड़ी की थी। इसी दौरान शातिरों की नजर बाइक पर पड़ गई। मौका मिलते ही चोर बाइक लेकर भाग गए। जाते समय आरोपी अपनी पुरानी बाइक वहीं छोड़ गए। मेले में इस समय हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु दर्शन, पूजा-पाठ और लंगर सेवा में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में शातिर भीड़ में शामिल होकर वाहनों और अन्य सामान पर नजर रख रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मेले में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। जगह-जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। अपना वाहन सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करें।