भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, जल्द हल होगी समस्या
ग्रामीणों ने वैकल्पिक रास्ता तैयार करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
जोल (ऊना)। लोक निर्माण विभाग जोल के अंतर्गत ग्राम पंचायत खरयालता के गांव रौणखर में वर्षों पुरानी पुली कुछ दिन पहले क्षतिग्रस्त हो गई है। पुली ग्राम पंचायत खरयालता और पंचायत डीहर के गांवों को जोड़ती है। इसके क्षतिग्रस्त होने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो चुका है। वहीं, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) जोल के अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त पुली की जांच की और जल्द समस्या के समाधान करने का भरोसा दिया। विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण कर सड़क किनारे बोर्ड लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने लोनिवि अधिकारियों से मांग उठाई है कि जल्द इस क्षतिग्रस्त पुली के समीप वैकल्पिक रास्ता बना दिया जाए। जिससे सरकारी एवं निजी स्कूलों की बसों में आ जा रहे स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
लोक निर्माण विभाग एसडीओ जोल भानु ओहरी ने कहा कि गांव रौणखर में पुली क्षतिग्रस्त होने का मामला ध्यान में है। मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया है। इस क्षतिग्रस्त पुली पर भारी वाहन ले जाना वर्जित किए गए हैं। हल्के वाहन सावधानी से पार करें। इन आदेशों की अवहेलना करने वाला खुद जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पुली निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही क्षतिग्रस्त पुली के समीप वैकल्पिक रास्ता भी बना दिया जाएगा। जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।