हरोली पुलिस ने टाहलीवाल और छेत्रां में की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हरोली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर 1.25 किग्रा चूरा पोस्त पकड़ा है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पहला मामला हरोली के छेत्रां में सामने आया। पुलिस टीम जब पालकवाह में गश्त पर थी तो सूचना मिली कि जसविंद्र सिंह निवासी गांव छेत्रां डाकघर वीदड़वाल तहसील हरोली जिला ऊना अपने रिहायशी मकान में चूरा पोस्त बेचने का अवैध धंधा करता है। पुलिस ने सूचना को पुख्ता पाकर बताए गए घर में दबिश दी। जसविंद्र सिंह घर पर ही था। जब पुलिस टीम ने जसविंद्र के कमरे में जाकर तलाशी ली तो वहां एक टेबल पर प्लास्टिक के कैरी बैग में चूरा पोस्त मिला। कमरे में लगे लकड़ी के टेबल के नीचे एक काले रंग की बोरी मिली। इसमें एक अन्य सफेद रंग की बोरी पाई गई। इसमें भी चूरा पोस्त रखा हुआ मिला। घर के अन्य कमरे में भी एक चूरा पोस्त से भरा प्लास्टिक का कैरी बैग मिला। बरामद चूरा पोस्त का कुल वजन 872 ग्राम पाया गया। पुलिस ने आरोपी जसविंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दूसरा मामला हरोली के टाहलीवाल में सामने आया। जहां टाहलीवाल पुलिस टीम को गश्त के दौरान एक राहगीर संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस को देखकर वह व्यक्ति तुरंत रास्ता बदलकर तेज कदमों से चलने लगा। इस दौरान पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा तो आरोपी ने जेब से पॉलिथीन निकालकर जमीन पर फेंक दिया। पुलिस ने व्यक्ति की तलाशी लेने के बाद आरोपी की ओ से फेंके पॉलिथीन की जांच की तो उसमें चूरा पोस्त पाया गया। इसका वजन 153.89 पाया गया। पुलिस ने आरोपी अमनदीप निवासी गांव बीटन तहसील हरोली जिला ऊना को काबू कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ चल रही है।