ऊना। नागरिक अस्पताल अंब में अब मरीजों को सीटी स्कैन की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मशीन स्थापित करने को मंजूरी दे दी गई है।
इसके बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से आगामी औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्तमान में अंब और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को सीटी स्कैन करवाने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना या निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का रुख करना पड़ता है।
गंभीर स्थिति में मरीजों और तीमारदारों को जांच के लिए दूसरे अस्पताल तक पहुंचने में अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ता है। अंब अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित होने से सड़क दुर्घटनाओं, सिर में चोट, गंभीर बीमारी और अन्य ऐसे मामलों में मरीजों की जांच में भी सुविधा होगी, जिनमें चिकित्सकों को तत्काल सीटी स्कैन की आवश्यकता होती है।
इससे मरीजों को जांच के लिए रेफर करने की जरूरत भी कम होगी और उपचार प्रक्रिया को गति मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मशीन स्थापित करने को मंजूरी मिलने के बाद अब अस्पताल में इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी।