रक्कड़ काॅलोनी गैस एजेंसी में उमड़ी लोगों की भीड़।
ऊना। जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर फैली अफवाहों के बीच शनिवार को रक्कड़ स्थित गैस एजेंसी में सिलिंडर लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी के बाहर पहुंच गए। इससे वहां अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए। लोगों का कहना था कि न तो ऑनलाइन बुकिंग हो पा रही है और न ही एजेंसी में आसानी से सिलिंडर उपलब्ध हो रहे हैं। उपभोक्ताओं ने बताया कि पिछले कुछ दिन से गैस सिलिंडर की बुकिंग में दिक्कत आ रही है। कई लोगों का कहना था कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही, जबकि एजेंसी में भी सीमित संख्या में ही सिलिंडर दिए जा रहे हैं। इसी कारण शनिवार को बड़ी संख्या में लोग सीधे एजेंसी पहुंच गए और सिलिंडर लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। इस बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उपायुक्त जतिन लाल ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। गैस सिलिंडर की नियमित आपूर्ति जारी है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
राशन डिपो में दोबारा मिलेगा मिट्टी का तेल
लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने राशन डिपुओं के माध्यम से दोबारा मिट्टी के तेल की आपूर्ति शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए डिपो धारकों से मिट्टी के तेल की मांग मांगी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलिंडर लेने की अपील की है, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा मिल सके।
प्रशासन ने जारी किए बुकिंग के लिए नंबर
प्रशासन की तरफ से जिले में संचालित विभिन्न गैस एजेंसियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। इनमें कमल गैस एजेंसी ऊना 01975-223032,226732 और 84549-55555, शाहिद सुनील गैस एजेंसी गगरेट 76500-41667, एचपीएससीएससी लिमिटेड मैहतपुर 70182-63159, एचपीएससीएससी लिमिटेड अंब 01976-292156, 98723-58465, बंगाणा गैस एजेंसी 94180-83104, 78766-75501, दीपक गैस एजेंसी संतोषगढ़ 98161-67558, पंजावर गैस एजेंसी 98829-29901, सुगम गैस एजेंसी रक्कड़ 98160-11909, आर्यन इंडेन ग्रामीण वितर्क बडूही 98162-86239, चिंतपूर्णी भारत गैस दौलतपुर चौक 70180-20890, 98161-30409, बाबा बड़भाग सिंह भारत गैस ग्रामीण वितर्क मैड़ी 98166-14077 और माता चिंतपूर्णी इंडेन नारी के संपर्क नंबर 01976-255583, 84549-55555 हैं।