क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में कोविड वैक्सीन के लिए उमड़ी भीड़। इस दौरान नियमों का भी ध्यान नहीं रखा ग
- फोटो : Una
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में वीरवार को कोविड वैक्सीनेशन प्रक्रिया के दौरान अव्यवस्था रही। उत्साहपूर्वक एक साथ ही काफी संख्या में लाभार्थी क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के टीकाकरण केंद्र में पहुंच गए। इससे व्यवस्थाएं हांफती हुई नजर आई।
भीड़ को देखते हुए कुछ लाभार्थी वापस चले गए। टीकाकरण केंद्र में 200 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया, लेकिन यहां सुबह ही भीड़ जुटना शुरू हो गई। इसे संभालना स्वास्थ्य कर्मियों के लिए मुश्किल हो गया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए कुछ लाभार्थियों ने मौके से जाने में ही समझदारी समझी। कुछ लाभार्थियों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने पर सवाल उठाए। कुछ लाभार्थियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें समय पर वैक्सीन नहीं लग पाई।
भीड़ के चलते कोविड नियम भी टूटते नजर आए। मौके पर सोशल डिस्टेंसिंग तो दूर अन्य नियम भी पूरे नहीं हुए। अफरा-तफरी के माहौल में गर्मी के बीच लाभार्थी लाइन में लगकर बारी का इंतजार करते हुए दिनभर परेशान हुए। जिला के सबसे बड़े अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में इस तरह की अव्यवस्था होने पर अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चिकित्सा अधीक्षक निर्दोष भारद्वाज ने बताया कि कई बार टीकाकरण केंद्र में भीड़ होने के कारण दिक्कत आती है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने लाभार्थियों से भी संयम बरतने की अपील की है।