संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोगा (ऊना)। पुलिस थाना हरोली के तहत कुगड़त गांव में 17 जनवरी को हुई मारपीट मामले में दूसरे पक्ष की शिकायत मिलने के बाद क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार बीते वीरवार को दूसरे पक्ष के प्रतिनिधि दिलप्रीत सिंह उर्फ दिल्लू निवासी बाथू (जिला ऊना) ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि वह बचपन से अपने ननिहाल गांव ललड़ी में रह रहे हैं। 17 जनवरी को वह अपने दोस्त गगन कुमार के साथ ललड़ी गांव में खड़े थे, तभी बाइक पर आए मनप्रीत सिंह उर्फ मनी (गांव पालकवाह) और कर्ण उर्फ नन्नू (गांव कुगड़त) ने उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं और कुगड़त में आने को कहा।
शिकायत के अनुसार जब दिलप्रीत अपने दोस्तों गगन, प्रिंस उर्फ भूरा, साहिल और मोहित के साथ ललड़ी से कुगड़त की ओर जा रहे थे और चढ़ाई पर आम के पेड़ के नीचे रुके हुए थे, तब वहां एक सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार आई। कार हनी निवासी कुगड़त चला रहा था और कार से कर्ण व मनप्रीत नीचे उतरे। कर्ण ने दिलप्रीत का रास्ता रोककर दरात से हमला किया, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले में पहले पक्ष की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। अब दूसरे पक्ष की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।