जिला के मलाहत और समूर में पेश आए दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार के लिए पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पहला हादसा उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के तहत गांव डोहक के समीप उस समय पेश आया जब एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान पूजा (26) निवासी मलाहत ऊना, किरण (35) मलाहत ऊना, नवीन (22) अमृतसर पंजाब, अनीता निवासी मलाहत ऊना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग अमृतसर से वापस घर लौट रहे थे।
वहीं, दूसरा सड़क हादसा ऊना के समीपवर्ती गांव समूर कलां में पेश आया। जहां कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार जावेद अली (19) रामपुर यूपी और इमरान (20) निवासी रामपुर यूपी को चोटें आई हैं। एसएमओ ऊना डॉ. रामपाल ने बताया कि घायलों को अस्पताल में उपचार दिया गया है। फिलहाल घायलों की हालत खतरे से बाहर है। वहीं, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामलों की जांच कर रही है। घायलों के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।