ऊना थाना के अंतर्गत गांव बहडाला में चोरों ने दो घरों में वारदात को अंजाम देते हुए कुछ सामान ले गए। इस दौरान घर में सामान बिखरा हुआ था, लेकिन कोई भी कीमती सामान चोर नहीं ले गए थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में भी कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। जानकारी के अनुसार महिंद्र शर्मा निवासी बहडाला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह किसी काम से चंडीगढ़ गए हुए थे।
सुबह घर के साथ लगते दुकानदार ने उनको सूचना दी कि घर के ताले टूटे हुए हैं। जब वह घर पहुंचे तो अंदर सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। घर के अंदर रखी अलमारी से भी सारा सामान नीचे पड़ा था। हालांकि शातिर घर से कोई कीमती सामान नहीं ले जा सके। इस दौरान चोरों ने घर के किचन में पुलाव बनाकर खाया हुआ था। चोरों ने साथ लगते सतीश कुमार के घर में छत में सेंधमारी कर व दरवाजा तोड़ घर में घुसे, जहां चोरों ने सभी सामान इधर-उधर बिखेर दिया।
सतीश कुमार का परिवार शिमला में रहता है जिस कारण चोर घर में आसानी से सेंधमारी कर घुसने में सफल रहे। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। जांच अधिकारी प्रदीप व अमनदीप ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए हैं। उधर, एसपी अनुपम शर्मा का कहना है कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।