उपमंडल बंगाणा के त्यार में पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान भारी मात्रा में अवैध बिरोजे के टीन से भरा हुआ एक टैंपो पकड़ा है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बिरोजे के टीन से भरे हुए टैंपो को कब्जे में लेकर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात पुलिस चौकी जोल प्रभारी अजीत सिंह अपनी टीम के साथ गश्त व नाकेबंदी के दौरान पर त्यार गांव में मौजूद थे, इसी दौरान खुरवाई की ओर से आ रहे एक टैंपो को रोक कर चैक करने पर टैंपो में 173 टीन भरे हुए विरोजा के पाए गए।
टैंपो चालक ने भरे हुए 173 टीन विरोजा का चालान पुलिस को पेश किया। जिसके अनुसार भरे हुए 173 टीन बिरोजा का वजन 29.41 क्विटल दर्शाया गया। टैंपो में बिरोजा अधिक होने का संदेह होने पर पुलिस की टीम ने टैंपो का गांव त्यार में धर्मकांटा पर वजन करवाया गया, तो टैंपो में 43.40 क्विंटल बिरोजा यानी 13.99 क्विंटल अधिक बिरोजा पाया गया।
सरकारी माल में हेराफेरी करने वालों ने नया तरीका ढूंढ निकाला। सरकारी कागजातों में दर्शाए गए भार से अधिक बिरोजा लादकर ले जाया जा रहा था ताकि किसी को संदेह न हो। निर्धारित स्थान पर पहुंचने के बाद 13.99 कुंतल अवैध ढंग से लाए गए बिरोजे को बेचकर आरोपी मोटी रकम डकारने की फिराक में थे। लेकिन उससे पहले धरे गए।
पुलिस अधीक्षक ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी टैंपो चालक सरवण कुमार निवासी गांव बलेड़ी जिला कांगड़ा व शंकर दास निवासी गांव मटकर तहसील बड़सर जिला हमीरपुर के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।