क्षेत्र के त्यूड़ी में ट्रक-बोलेरो में जबरदस्त टक्कर से पांच लोग बुरी तरह से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां दो की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात अंब-ऊना मुख्य मार्ग पर त्यूड़ी में ऊना से अंब की तरफ जा रहे ट्रक ने विपरीत दिशा में जाकर अंब की तरफ से ऊना आ रही बोलेरो को टक्कर मार दी। हादसे में राजेश कुमार, रघुवीर, राजेंद्र एवं वीरेंद्र निवासी भलौण एवं राकेश कुमार निवासी बटूही बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और 108 की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हादसे में घायलों का उपचार दिया।
राकेश कुमार एवं वीरेंद्र की नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने हादसे के संदर्भ में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।