क्षेत्र के पंडोगा में पुलिस ने गश्त के दौरान चरस रखने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 28 ग्राम चरस बरामद की है। जिला पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पिछले करीब ढाई महीने में पुलिस ने नशे के साथ करीब चौंतीस आरोपियों को पकड़ा है। इससे नशा माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात को पंडोगा में पुलिस की एक टीम रात्रि गश्त पर जा रही थी कि इसी दौरान होशियारपुर रोड पर सड़क किनारे सुनसान जगह पर एक कार खड़ी हुई थी, जिसमें तीन युवक बैठे हुए थे। पुलिस ने जब गाड़ी की चेकिंग करनी चाही तो युवक घबरा गए और मौके से भागने का प्रयास करने लगे। जांच के दौरान चालक सीट पर बैठे युवक से पुलिस ने 28 ग्राम चरस बरामद की।
पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान सुमित शर्मा एवं कर्ण कुमार दोनों निवासी भड़ोलियां कलां, दीपक कुमार निवासी रामगढ़ होशियरपुर पंजाब के रूप में की गई है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। नशा कारोबार में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।