दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के गांव डंगोह में शनिवार रात पुलिस एवं वन विभाग ने नाके पर दो लकड़ी से भरे पिकअप ट्राले पकड़े। बताया जा रहा कि शातिर अवैध लकड़ी को तस्करी कर पंजाब ले जा रहे थे।
घटना के बाद से दो वाहनों के चालक मौके से फरार चल रहे हैं, जिनके लिए धरपकड़ अभियान छेड़ दिया गया है।
जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस एवं वन विभाग ने शनिवार रात को डंगोह भद्रकाली रोड पर नाका लगाया हुआ था। इस बीच आम की लकड़ी से लदी दो पिकअप ट्राले को जांच के लिए रोका तो गाड़ी चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों गाड़ियां नंबर पीबी 07 एएल 9349 एवं एचपी 67-9399 लकड़ी से भरी गाड़ियों को जब्त कर लिया है, जबकि चालक एवं साथी गाड़ियां को वहीं छोड़कर फरार होने में कामयाब रहे। गाड़ियों में पकड़ी गई गीले आम की लकड़ी है, जिसकी कीमत 70 हजार रुपये वन विभाग ने आंकी है।
उधर, थाना प्रभारी एएसआई हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मौके पर हेड कांस्टेबल संसार चंद, जरनैल सिंह एवं वन विभाग से रेंज ऑफिसर मुल्ख राज, बीओ विशन सिंह व गार्ड कर्मवीर मौजूद रहे।