जिला मुख्यालय और झलेड़ा के बाद अब स्थानीय बाजार के पुराने बस अड्डे के पास खड़ी टवेरा गाड़ी पर शातिरों ने हाथ साफ कर डाला। चोर गिरोह के शातिरों की सक्रियता से लोगों में हड़कंप मच गया है। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बीते दिनों भी जिला मुख्यालय के निकटवर्ती क्षेत्र झलेड़ा में घर के बाहर से गाड़ी चोरी हुई है। जानकारी के मुताबिक गगरेट निवासी पवन कुमार ने बताया कि उन्होंने टवेरा गाड़ी एचपी 19 बी 6579 को बुधवार देर शाम को घर के बाहर खड़ा किया। लेकिन सुबह गाड़ी वहां से गायब थी। इससे उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने गाड़ी की काफी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लग पाया। उधर, चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
वहीं, कार मालिक ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। गगरेट पुलिस ने सूचना मिलते ही क्षेत्र के आसपास लगे एवं गगरेट बैरियर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है, जिसमें गाड़ी को होशियारपुर की ओर जाते देखा गया है। डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक पुलिस टीम को गाड़ी की तलाश को पंजाब में भेजा गया है।