आबकारी और कराधान विभाग ने त्योहारों का सीजन शुरू होते ही टैक्स चोरी करने वाले व्यापारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग जिले के बैरियरों से गुजरने वाले वाहनों की बारीकी से तलाश ले रहा है। आबकारी एवं कराधान विभाग ने मैहतपुर में दिल्ली से लॉंड्री मशीन लेकर आ रहे एक गैर पंजीकृत व्यापारी को बिलों में गड़बड़ी पाए जाने पर 60, 000 रुपये का जुर्माना किया है।
यह गैर पंजीकृत व्यापारी दिल्ली से 4 लाख 30 हजार रुपये की यह लॉंड्री मशीन हमीरपुर जिले के एक शिक्षण संस्थान में ले जा रहा था। आबकारी एवं कराधान विभाग के निरीक्षक अनिल कुमार ने व्यापारी से मशीन के बिल चेक किए तो बिलों में गड़बड़ी पाई गई। जब विभाग की टीम ने व्यापारी से बिलों की गडबड़ी के बारे में पूछा तो वह उचित जवाब नहीं दे पाया। इस पर विभागीय टीम ने व्यापारी को 60 हजार रुपये पेनल्टी डाली। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से विभाग की ओर से रोजाना जिला भर के सीमावर्ती क्षेत्रों में नाके लगाए जा रहे हैं। इस दौरान विभाग ने बिना बिल के लाखों रुपयों का सामना पकड़ा है। सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त उज्जवल सिंह राणा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जिले में राजस्व चोरी सहन नहीं की जाएगी और ऐसे लोगों के प्रति कड़ाई से निपटा जाएगा। उन्होंने व्यापारी वर्ग से कर चोरी रोकने के लिए सहयोग की अपील की है।