एलआईसी कार्यालय के पास ऊना-अंब रोड पर एक ट्रक की टक्कर से 33 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में महिला का पति व दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों व उनके पिता को लोगों की सहायता से अंब अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक महिला की पहचान आरती पत्नी वीरेंद्र शर्मा निवासी अंब के रूप में हुई है। मौके से फरार ट्रक चालक को स्थानीय लोगों ने कलरूही के समीप पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर के समय को वीरेंद्र शर्मा (38) निवासी अंब अपनी पत्नी आरती व बेटे समर्थ (8) व बेटी स्मृति (7) के साथ बाईक पर बाजार जा रहा था कि ऊना-अंब रोड पर स्थित एलआईसी कार्यालय के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दौरान महिला सड़क के बीच गिर गई जिससे ट्रक का पिछला टायर उसके ऊपर से गुजर गया।
इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला के पति व बच्चे को अंब अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे के बाद मौके से फरार ट्रक चालक को स्थानीय लोगों ने कलरूही के पास पकड़ लिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, डीएसपी जितेंद्र चौधरी का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक हरदीप सिंह निवासी होशियारपुर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।