गौ सेवा मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संत स्वामी कृष्णानंद (भूरी वाले) के संदिग्ध अवस्था में लापता होने के मामले में रविवार को पंजाब पुलिस ने जिला ऊना के कई गांवों में दबिश दी। पुलिस ने सड़क किनारे, घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला।
पड़ोसी राज्य से भारी संख्या में पहुंचे पुलिस बल पहुंचने से क्षत्र छावनी में तबदील हो गया। क्षेत्र में पंजाब पुलिस की उपस्थिति लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है। हर चौक और अड्ड् में पंजाब पुलिस का पहरा है। संत कृष्णानंद के बीनेवाल स्थित आश्रम से हिमाचल आने वाली हर सड़क और आम रास्ते पर सर्च ऑपरेशन जारी है। पंजाब सीमा से सटे दुलैहड़, गोंदपुर जयचंद, लालूवाल, अमराली, पोलियां बीत, सिंगा और बाथडी गांवों में पंजाब पुलिस की हलचल से लोगों में हड़कंप है।
रविवार सुबह से देर शाम तक पंजाब पुलिस के वाहन इधर से उधर पेट्रोलिंग करते रहे। बाबा के अनुयायियों में भी उनके बारे में जानने को लेकर उत्सुकता रही। बीनेवाल आश्रम में भी अनुयायियों का तांता लगा हुआ है। ऊना के गांवों में पंजाब पुलिस की गश्त के दौरान ऊना पुलिस का कोई भी अफसर नहीं था।
उधर, जिला पुलिस प्रमुख रोपड़ विरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।